मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सभी जनसभाओं में पुरुष पीछे रह जाते हैं और महिलाएं आगे निकल जाती हैं। आज महिला मोर्चा ने अपने आप में एक पार्टी बना ली है और अपने निर्णय स्वयं लेने में सक्षम है। पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं की बड़ी भूमिका रहती है। भाजपा ने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है। महिलाएं पंचायतीराज संस्थाओं में अच्छा काम कर रही हैं। कांग्रेस आजकल भाजपा की नकल करने की कोशिश कर रही है, जिसमें वह पूरी तरह से असफल है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को राज्य भाजपा महिला मोर्चा की शिमला में हुई प्रदेश कार्यसमिति बैठक में कहा कि देश की कुल आबादी का 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं का है। महिलाओं के बिना समाज आगे नहीं बढ़ सकता। कोई भी लक्ष्य महिलाओं की भागीदारी के बिना हासिल नहीं किया जा सकता। कोई भी राजनीतिक दल बिना महिला मोर्चा के मजबूत होने की कल्पना नहीं कर सकता। समाज के नेतृत्व करने का भाव महिलाओं में समय-समय पर बढ़ा है और आज समाज का काम करने में महिलाएं सबसे आगे हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सूद की अध्यक्षता में शुरू हुई। दूसरे दिन महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी रेणु थापर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, चेयरमैन रूपा शर्मा, वंदना योग, वीना ठाकुर एवं मीरा आनंद विशेष रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज उपस्थित रहे। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा में महिला मोर्चा की अहम भूमिका रही है। पंचायतीराज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण भाजपा की देन है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सरकार ने इस घोषणा को किया था। महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि महिला मोर्चा प्रदेश के हर बूथ पर कार्य कर रही हैं। कोई भी चुनाव हो, उसमें बूथ प्रबंधन की अहम भूमिका रहती है।