पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि अगस्त 2014 से जनता के अच्छे दिन आ गए हैं। पैट्रोल के दामों में लगातार छह बार कमी हुई है जबकि डीजल के दामों में भी कमी की गई है। लेकिन अच्छे दिनों पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता डीजल व पैट्रोल पर वैट लगा रहे हैं।
ऐसे में केंद्र सरकार जनता को महंगाई से राहत तो दे रही है लेकिन प्रदेश सरकार वैट बढ़ाकर लोगों के अच्छे दिनों में रोड़ा अड़ा रही है। हमीरपुर के जमलीधाम में धूमल ने कहा कि अगर प्रदेश सरकार वैट को कम नहीं कर सकती तो वैट में बढ़ोतरी भी नहीं करनी चाहिए।
इससे केंद्र सरकार की योजना का लाभ प्रदेशवासियों को मिल सके। उन्होंने कहा कि पैट्रोल व डीजल के दामों में कमी होने से बस किराया व माल भाड़ा कम होना चाहिए। इससे समाज के गरीब वर्ग को भी लाभ होगा।
सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने दिसंबर 2012 में सत्ता छोड़ी थी। सत्ता छोड़ने से पूर्व कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिया जा चुका था। पेंशनरों व कर्मचारियों के सारे बकाया का भुगतान हो चुका था।
भाजपा सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में कुल 6,672 करोड़ रुपए कर्ज लिया था। लेकिन कांग्रेस सरकार ने पौने दो वर्ष के कार्यकाल में ही साढ़े चार करोड़ रुपए का कर्ज ले रखा है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता जानकारी के अभाव में भाजपा पर प्रदेश को कर्ज में डूबोने का आरोप लगा रहे हैं।