बर्ड फ्लू की आशंका के बाद हिमाचल प्रदेश में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। राज्य पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के तमाम पोल्ट्री और हैचिंग केंद्रों पर खास नजर रखने के आदेश दिए हैं। राज्य पशुपालन निदेशालय ने सभी उप निदेशकों को इसके लिए चौकस किया है।
चंडीगढ़ की सुखना लेक में एक मरी बत्तख में बर्ड फ्लू मिलने के बाद हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप है। राज्य पशुपालन विभाग के कार्यकारी निदेशक डा. शेखर मैसी ने कहा है कि हिमाचल में अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।
एहतियात के तौर पर राज्य पशुपालन विभाग अलर्ट है। तमाम उप निदेशकों और अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे राज्य में तमाम पक्षीशालाओं और हैचिंग केंद्रों पर नजर रखें। कहीं से भी कोई सूचना मिलती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. आरके शर्मा ने बताया कि बर्ड फ्लू पर नजर रखी जा रही है। इसको लेकर जल्द ही प्रदेश भर में एहतियात रखने का आदेश जारी किया जाएगा।