हिमाचल में गुरुवार को प्रदेश में कोरोना वायरस के सात और पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। बिलासपुर जिले के स्वारघाट और श्री नयना देवी क्वारंटीन सेंटर में रखे गए दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जानकारी के अनुसार जिला बिलासपुर के स्वारघाट क्वारंटीन सेंटर में हमीरपुर का युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक 12 अन्य लोगों के साथ गाड़ी में गुजरात के अहमदाबाद से हिमाचल सीमा पर पहुंचे थे।
जहां नौ मई को इन सभी लोगों को स्वारघाट में क्वारंटीन किया गया था। इसके बाद सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से युवक की रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव पाई गई। वहीं दूसरा व्यक्ति श्री नयनादेवी क्वारंटीन सेंटर में में संक्रमित पाया गया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति पहले संक्रमित पाए गए दिल्ली के चालक के संपर्क में आया था। सीएमओ बिलासपुर प्रकाश दड़ाेच ने इसकी पुष्टि की है।
वहीं, प्रदेश में अब कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या 33 पहुंच गई है। राज्य में अब तक 74 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है। 35 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। राज्य में अब तक 26474 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 7981 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ्य हैं। राज्य में अब तक 14256 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है।