तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी
- फोटो : संवाद
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला घुमारवीं में खुलने वाली हिमाचल प्रदेश की पहली स्पेस लैब का उद्घाटन तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी 26 जनवरी को दोपहर 2:00 बजे करेंगे। इस स्पेस लैब से विद्यार्थी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के प्रोजेक्ट्स का ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। यूपी मॉडल को स्टडी कर जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया है। स्पेस लैब से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष से जुड़ी तकनीक और विज्ञान का मनोवैज्ञानिक अध्ययन करने का मौका मिलेगा। इस लैब पर 10 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
एडीसी डॉ. निधि पटेल की पहल पर यह प्रोजेक्ट शुरू हुआ था। अब यह लैब उद्घाटन के लिए तैयार है। ग्रामीण बच्चों में साइंस तकनीक के प्रति रुचि बढ़ाने के मकसद से इस लैब को तैयार किया गया है। प्रशासन ने इसे स्थापित करने से पहले उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर की एक पंचायत के मॉडल को स्टडी किया गया था। इस लैब का लाभ घुमारवीं स्कूल के छात्रों के साथ अन्य स्कूलों के विद्यार्थी भी ले सकेंगे। इसके लिए विशेष भ्रमण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। लैब में विद्यार्थी सेटेलाइट लॉन्चर प्रणाली के साथ-साथ ड्रोन बनते है और इसरो के अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की जानकारी भी प्राप्त करेंगे। इसके अलावा समय-समय पर विद्यार्थियों को बेंगलुरु सहित अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर एक्सपोजर विजिट भी कराई जाएगी।