इस खुलासे के बाद से अब पुलिस की टीम मल्ली को तलाश रही है। इसके लिए पुलिस ने शनिवार रात को उसके घर पर भी दबिश दी थी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। वहीं पुलिस ने शूटर सन्नी गिल का पूरा आपराधिक रिकॉर्ड चेक किया। इससे पता चला है कि उसने अपनी मां की भी हत्या की है। पंजाब में उस पर हत्या का मामला दर्ज है।
बताते चलें कि गुरुवार को जिला कोर्ट के सामने दिनदहाड़े युवक पर गोलियां चलाई गईं। इसके बाद जब शूटर पकड़ा गया तो उसने बताया कि पूर्व विधायक के बेटे पुरंजन ने उसे सौरभ पटियाल पर गोली चलाने के लिए बुलाया था। इसके लिए पैसे का लेनदेन भी तय हुआ था। इसमें से कुछ रकम उसे पहले मिल गई थी और कुछ रकम काम होने के बाद मिलनी थी।
पूर्व विधायक के बेटे की अग्रिम जमानत पर सुनवाई कल
मामले में पूर्व विधायक के बेटे का हाथ होने के सबूत पुलिस के पास हैं। इसमें शूटर और पुरंजन के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग, कॉल रिकॉर्ड शामिल है। वहीं आरोपी पुरंजन ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई है। मंगलवार को अग्रिम जमानत पर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।