उपमंडल भोरंज के कैहरवीं गांव में एक बाइक सवार की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना भोरंज से एएसआई परमजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राधाकृष्णनन राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल हमीरपुर भेज दिया है।
इसके साथ ही हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, घटनास्थल पर काफी देर तक यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो पाया।
युवक की पहचान लक्की कुमार पुत्र भूमिदेव निवासी भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। मंगलवार को लक्की अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कैहरवीं से महल की तरफ जा रहा था।
वहीं, ट्रक ताल से कैहरवीं की तरफ आ रहा था। जिस जगह पर यह हादसा हुआ है वहां पर दोनों वाहनों के लिए काफी जगह उपलब्ध थी। अचानक ट्रक से टकराकर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, एसएचओ भोरंज कुलवंत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने भादंसं की धारा 279 और 304 ए के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।