कालका-शिमला मार्ग नगाली के पास स्वास्थ्य मंत्री की गाड़ी से एक बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक को चोटें आई हैं। मंत्री कौल सिंह ने युवक को गाड़ी में बैठाकर सोलन अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। साथ ही इसी बहाने सोलन अस्पताल का निरीक्षण भी किया। मौके पर पुलिस की टीम भी पहुंची लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंत्री का काफिला चंडीगढ़ से शिमला आ रहा था।
स्थानीय युवक ईशान बाइक लेकर किसी काम से जा रहा था। अचानक नगाली मोड के पास बाइक अनियंत्रित होकर मंत्री की गाड़ी से जा टकराई। गाड़ी की टक्कर से युवक सड़क पर गिर गया। इस दुर्घटना मे युवक को हाथ की अंगुली और पैर मे चोट आई। मंत्री ने अस्पताल पहुंचाकर युवक को प्राथमिक उपचार करवाया। बाद में उसे अस्पताल से छुट्टी कर दी गई। बताया जा रहा है कि हादसा बाइक सवार की तेज रफ्तारी के कारण हुआ है।