हिमाचल में अस्थायी शिक्षकों की भर्तियां पिछले 17 वर्षों में हुई हैं। इनमें ग्रामीण विद्या उपासकों की नियुक्ति 2002 में हुई। इनकी संख्या करीब 1400 है। साल 2003 से लेकर 2007 तक 3409 प्राथमिक सहायक अध्यापकों की नियुक्तियां प्रारंभिक शिक्षा विभाग में हुई। 2004 में 2200 पैरा शिक्षकों की भर्तियां हुईं। 2006 से 7500 पीटीए शिक्षकों की भर्ती हुई है।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सुप्रीम कोर्ट से अस्थायी शिक्षकों के मामले में आए फैसले को सरकार और शिक्षकों के हित में बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दिशा निर्देशानुसार सरकार ने पूरी मजबूती से अपना पक्ष कोर्ट में रखा। शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार ने बीते साल से ही नियमित शिक्षकों के बराबर इन्हें वेतन देना शुरू कर दिया था। मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के चलते इन्हें नियमित नहीं किया सका। अब सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पूरी जानकारी मिलते ही सरकार नियमितीकरण पर विचार करेगी।