मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को एक साल का विस्तार देने पर तंज कसा। कहा कि अब तो नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में एक साल का विस्तार ही मिला है। जब हिमाचल में विधानसभा चुनाव हुए थे, उस समय वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उन्होंने 68 विस क्षेत्रों में प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्रियों की ड्यूटी लगाई। उनके संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के सांसद केंद्रीय मंत्री भी हैं। वहां 17 में से 12 सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। हिमाचल में 97 फीसदी हिंदू हैं। उस विचारधारा का गुणगान करने वाले नड्डा के राज्य हिमाचल में कांग्रेस विचारधारा की जीत हुई है। कहा कि जनता ने हमें पांच साल के लिए जनादेश दिया है। कांग्रेस सारी गारंटियां पूरी करेगी। पिछली सरकार ने हिमाचल के हर नागरिक पर करीब 1,20,000 रुपये का जो कर्ज चढ़ाया है, हम उसे कम करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस ने अपनी विचारधारा के अनुसार देश की एकता और अखंडता के लिए भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है।
नफरत की राजनीति छोड़ सबको जोड़ने का काम कर रहे राहुल : प्रतिभा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में विभिन्न विचारधाराओं के लोग साथ आए हैं। सभी का मानना है कि राहुल गांधी ने नफरत की राजनीति छोड़कर सबको जोड़ने का काम कर रहे हैं। सारे लोग जैकेट-स्वेटर पहनकर चले थे, मगर राहुल गांधी ठंड में भी एक स्वेट शर्ट पहनकर चले हैं, उसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के लोग भाजपा सरकार से दुखी थे। भारत जोड़ो यात्रा के बीच राहुल गांधी की व्यस्तता के कारण प्रियंका गांधी ने पार्टी के लिए प्रचार किया। उन्होंने रैलियों में प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सरकार ही लोगों का भला कर सकती है। चुनावों में हिमाचल की जनता के मिले अपार स्नेह और आशीर्वाद से हम पुन: हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनाने में सफल हुए।