राहुल गांधी ने कहा कि पहले भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित नहीं थी, लेकिन हिमाचलवासियों के स्नेह के कारण यात्रा रूट में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को पूरे देश में भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ है तथा उन्हें भी काफी कुछ सीखने को मिला है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस की भारी जीत भ्रष्टाचार पर सच्चाई की जीत है और इसका श्रेय राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के समर्पण और दृढ़ प्रयासों को जाता है। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से समस्त हिमाचल कांग्रेस पार्टी द्वारा दिखाए गए एकता और अखंडता के मार्ग का अनुसरण करेगा।
मुख्यमंत्री ने भारत जोड़ो यात्रा में हिमाचल प्रदेश को शामिल करने के लिए राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया और देवभूमि पधारने पर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच को विचलित किया जा सकता है, लेकिन उसे पराजित नहीं किया जा सकता। अंत में जीत सच्चाई की होती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से लोगों में देश की वास्तविक समस्याओं पर चर्चा शुरू हुई है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पार्टी के प्रतिज्ञा पत्र में दी गई गारंटियों को पूरा करने की शुरुआत कर दी है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने अपनी पहली ही बैठक में ओपीएस बहाल करने को मंजूरी दे दी है। महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह तथा अन्य वायदों को पूरा करने की दिशा में भी सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के लोगों से किया हर वायदा निभाएगी।
इसके उपरांत राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ प्राचीन शिव मंदिर काठगढ़ में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, सह-प्रभारी संजय दत्त, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायकगण, पंजाब कांग्रेस के नेता, भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तथा अन्य लोग उपस्थित थे।