बंगाली फिल्मों की सुपरस्टार संपूर्णा लहिरी बालीवुड के दबंग अभिनेता सलमान खान के साथ शादी करना चाहती हैं। कसौली में फिल्म ‘अंतर्लीन’ की शूटिंग के दौरान उन्होंने सलमान खान से शादी की चाहत को जगजाहिर किया है। अमर उजाला से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि वह सलमान खान से इस कद्र प्रभावित हैं कि सल्लू को मन ही मन पति मानती हैं।
वहीं बालीवुड फिल्मों के निर्देशक इम्तियाज अली उनके ड्रीम डायरेक्टर हैं, जिनके साथ काम करने का भी उनका दिली सपना है। अभी तक वह चार बंगला फिल्मों में अपनी प्रतिभा का डंका बजा चुकी हैं। मार्च में उनकी तीन और फिल्में प्रदर्शित होने जा रही हैं। उनका कहना था कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में आकर कुछ खोया नहीं, बहुत कुछ पाया ही है।