एसडीएम ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में हैं। अल्पसंख्यक सुमदाय के लोगों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। गोवंश के अवशेष को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने 20 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
गोवंश के अवशेष मिलने के बाद बुधवार रात करीब 11 बजे सड़क किनारे करीब एक दर्जन रेहड़ी-फड़ियों में तोड़फोड़ की गई। वीरवार सुबह लोगों ने नारेबाजी के साथ रैली निकाली। एक मीट की दुकान समेत करीब अठारह दुकानों में तोड़फोड़ की।
स्थिति बेकाबू हुई तो एडीएम शिमला जीसी नेगी, एएसपी शिमला मनमोहन सिंह, एसडीएम बीआर शर्मा, डीएसपी रोहडू अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे। एक बजे पुलिस को हल्का बल का प्रयोग करना पड़ा। रात के समय बाजार में गश्त बढ़ा दी है।
रोहड़ू में तनावपूर्ण स्थिति के चलते प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट जारी कर दिया है। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में न सिर्फ गश्त और निगरानी बढ़ाई, बल्कि पुरानी घटनाओं के आधार पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात करने को कहा है।
स्थानीय लोगों से संपर्क कर सोशल मीडिया में किसी भी तरह के सांप्रदायिक या असामाजिक जानकारी या पोस्ट को लेकर भी निगरानी बरतने को कहा है। डीआईजी शिमला रेंज आसिफ जलाल ने बताया कि पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।