मंगलवार सुबह करीब 11 बजे के करीब झंडा रस्म, हवन और पूजा-अर्चना के साथ ही मेलों की विधिवत शुरुआत की गई। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के 150 और होमगार्ड के 175 जवान मेलों के दौरान अपनी सेवाएं देने के लिए मुस्तैद कर दिए गए हैं।
झंडा रस्म, हवन और पूजा-अर्चना के साथ ही उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मास मेलों का आगाज हो गया है। मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे के करीब झंडा रस्म, हवन और पूजा-अर्चना के साथ ही मेलों की विधिवत शुरुआत की गई। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के 150 और होमगार्ड के 175 जवान मेलों के दौरान अपनी सेवाएं देने के लिए मुस्तैद कर दिए गए हैं। इनके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम से भी कड़ी नजर रहेगी।'
विज्ञापन
13 अप्रैल तक चलने वाले चैत्र मास मेले के सुचारू आयोजन के लिए एसडीएम बड़सर को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि डीएसपी बड़सर मेला पुलिस अधिकारी होंगे। इनके अलावा बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्र को पांच सेक्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर के लिए सेक्टर मैजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले के दौरान मंदिर को 24 घंटे खुला रखा जाएगा।
मेले के दौरान आग की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन वाहन और अग्निशमन कर्मचारी 24 घंटे अलर्ट रहेंगे। श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे। खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है।
विज्ञापन
क्यूआर कोड का अनावरण
सोमवार को बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास के यू-टयूब चैनल के क्यूआर कोड का अनावरण भी किया गया था। श्रद्धालु इस क्यूआर कोड को अपने मोबाइल पर स्कैन करके यू-टयूब चैनल पर बाबा की गुफा के दर्शन, आरती और अन्य गतिविधियां लाइव देख सकेंगे।