सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर की ओर से गृहकर चुकाने के लिए उपभोक्ताओं को 20 फीसदी छूट दी गई है। 31 मार्च तक उपभोक्ता 20 फीसदी छूट के साथ गृहकर चुका सकते हैं। नगर परिषद सुजानपुर को प्रत्येक वर्ष गृहकर से 29 लाख रुपये की आमदान होती है लेकिन अधिकांश डिफाल्टर उपभोक्ता समय पर गृहकर नहीं चुकाते हैं। जिससे नगर परिषद को विकासात्मक कार्य करवाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में नगर परिषद सुजानपुर के 25 रुपये डिफाल्टर उपभोक्ताओं के पास फंसे हुए हैं। करीब दो दर्जन उपभोक्ताओं ने दो वर्षों से गृहकर जमा नहीं करवाया है। हालांकि नगर परिषद की ओर से इन्हें 20 से 30 फीसदी तक छूट भी प्रदान की गई। इसके बावजूद अगर गृहकर नहीं चुकाया तो नगर परिषद इन उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।
इस बारे में नगर परिषद सुजानपुर के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं को गृहकर चुकाने के लिए 31 मार्च तक 20 फीसदी छूट प्रदान की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर गृहकर अदा करने का अनुरोध किया है।