शिमला जिला रामपुर के खनेरी में भालू ने युवक पर हमला करके उसे बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। इस हमले से युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय रीजनल अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद उसे आईजीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामला खनेरी के जाखू जंगल का है, जहां पर सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे झारखंड निवासी जोनू मुंडा (29) शौच के लिए जंगल में गया था।
इसी दौरान उसे एक मादा भालू अपने बच्चे के साथ दिखाई थी। जोनू के मुताबिक मादा भालू ने उसे देखते हुए जोरदार हमला कर दिया।
उसके चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग शोर मचाते हुए फौरन मौके पर पहुंचे, जिसे देखकर भालू मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने इसके बाद युवक को खनेरी रीजनल अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर प्रारंभिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। युवक मूल रूप से झारखंड के गुमला जिला का रहने वाला है और यहां पर ठेकेदार के पास काम करता था।
डीएफओ अमित शर्मा ने बताया कि युवक पर भालू ने हमला किया है, जिससे उससे गंभीर चोटें आई हैं।