बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर जल्द हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष पद छोड़ेंगे। वह लगातार पंद्रह साल एचपीसीए के अध्यक्ष रहे हैं। जस्टिस आरएम लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर सुप्रीमकोर्ट के फैसले के बाद अनुराग ने एचपीसीए अध्यक्ष पद छोड़ने की बात कही है।
अगले माह एचपीसीए की गवर्निंग बॉडी की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें नए अध्यक्ष को लेकर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि एचपीसीए का नया अध्यक्ष वोटिंग से बनेगा। वहीं, नए अध्यक्ष को लेकर लॉबिंग भी शुरू हो गई है।
अनुराग के छोटे भाई अरुण धूमल को एचपीसीए की कमान सौंपे जाने की चर्चा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ नित नए खुलासे करने वाले अरुण वर्तमान में हमीरपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन हैं। वह इससे पहले एचपीसीए के वाइस चेयरमैन भी रहे हैं।
हालांकि, अभी स्पष्ट नहीं है कि एचपीसीए का अगला चेयरमैन कौन बनेगा, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। फिलहाल, लोढ़ा कमेटी की सिफारिशें एचीपीसीए को छह माह में लागू करनी होंगी।
37 वोट लेने वाला बनेगा अध्यक्ष
अनुराग ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
1960 में एचीपीसीए की स्थापना हुई। 29 सितंबर, 1984 को एसोसिएशन को बीसीसीआई से मान्यता मिली। हर तीन वर्ष बाद चुनाव होते हैं। 23 जुलाई, 2000 से अनुराग ठाकुर लगातार एचीपीसीए की कमान संभाले हैं।
वर्तमान में 72 पदाधिकारियों को मतदान का अधिकार है। इनमें हर जिले में प्रेजीडेंट और जनरल सेक्रेटरी, राज्य कार्यकारिणी में 27 मेंबर और 21 अजीवन सदस्य शामिल हैं। वर्तमान में दस जिलों में एचपीसीए की कमेटियां, चंबा और लाहौल-स्पीति दो जिलों में एडहॉक कमेटियां कार्यरत हैं।
जाहिर है कि मतदान से अध्यक्ष का फैसला हुआ तो जो उम्मीदवार 72 में से 37 मत हासिल करेगा, वह एसोसिएशन की कमान संभालेगा।
अनुराग बोले वोटिंग से बनेगा नया अध्यक्ष
एचपीसीए अध्यक्ष पद छोड़ रहा हूं। अगले माह एचपीसीए की गवर्निंग बॉडी की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें नए अध्यक्ष को लेकर चर्चा होगी। एचपीसीए का नया अध्यक्ष वोटिंग के जरिये ही बनेगा। - अनुराग ठाकुर, बीसीसीआई अध्यक्ष
जस्टिस आरएम लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर शीर्ष अदालत ने फैसला सुनाया है। मैं पूर्व में एचपीसीए का वाइस चेयरमैन रहा हूं। वर्तमान में हमीरपुर क्रिकेट एसोसिएशन का चेयरमैन हूं। गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में जो फैसला होगा, वह सर्वमान्य होगा।- अरुण धूमल, चेयरमैन जिला क्रिकेट एसोसिएशन