भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली को लेकर भारतीय क्रिकेट जगत में छिड़ी बहस पर बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि यह मात्र अफवाह है। भारतीय क्रिकेट टीम में कोहली को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने बताया कि टीम के कोच राहुल द्रविड़ एवं मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा इस बारे में स्पष्ट कर चुके हैं। बता दें कि अरुण धूमल रविवार को दौलतपुर चौक में स्टार सांसद खेल महाकुंभ का उद्घाटन करने पहुंचे।
इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने विराट कोहली को लेकर विवाद की बातों का खंडन किया। दरअसल, विराट कोहली ने कुछ दिनों पहले ही टी-20 क्रिकेट की कप्तानी छोड़ने की घोषणा की है। इसके बाद कोहली को लेकर कुछ विवादों की खबरें सामने आईं। अरुण ने बताया कि अनुराग ठाकुर का 20 साल पुराना सपना हिमाचली खिलाड़ियों ने विजय हजारे ट्रॉफी जीतकर अब पूरा किया है।
हिमाचल को ऐतिहासिक एवं गौरवशाली पल दिए हैं। हिमाचल के खिलाड़ियों ने उस तमिलनाडु की टीम को हराया, जिसमें तीन-चार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। कहा कि हिमाचली लड़कियां भी क्रिकेट में दमखम दिखाने लगी हैं। इस समय सूबे की तीन लड़कियां भारतीय महिला क्रिकेट टीम में खेल रही हैं। आने वाले समय में बहुत से हिमाचली खिलाड़ी आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। उनके साथ स्थानीय विधायक राजेश ठाकुर, एचपीसीए के महासचिव सुमित शर्मा एवं नरेंद्र अत्री और प्रेम ठाकुर उपस्थित रहे।