जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत करयूणी के मनरेगा मजदूर अमर चंद के पुत्र देवराज ने एचपीएस परीक्षा पास की है। वह डीएसपी बन गए हैं। कोठी गांव निवासी देवराज के पिता अमर चंद मनरेगा में मजदूरी करते हैं। माता गृहिणी के साथ-साथ भेड़पालक भी हैं।
देवराज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक पाठशाला कोठी से की। दसवीं कक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सेंचूनाला से पास की। जमा दो की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल किलाड़ से पूरी की।
इसके बाद देवराज ने आगामी पढ़ाई राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान शिमला से की। देवराज की इस उपलब्धि पर पांगी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। देवराज के माता-पिता का कहना है कि उन्हें बेटे की कामयाबी पर गर्व है।
देवराज ने बातचीत में कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद से यह संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि गरीबी ने कई बार राह में रोड़े अटकाएं, लेकिन उनके माता-पिता ने हर संभव सहायता की।