साई हॉस्टल के नवराज चौहान का चयन अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है। टीम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हंगरी रवाना हो गई है। साई हॉस्टल बिलासपुर से नवराज चॅौहान बाक्सिंग के पहले खिलाड़ी हैं, जिनका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।नवराज चौहान के चयन की सूचना मिलने ही साई हॉस्टल में खुशी की लहर है।
हंगरी में जूनियर अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता 11 से 16 जून तक होगी। नवराज चौहान का चयन राष्टीय स्तर पर मेडल जीतने के बाद अंतरराष्ट्रीय टीम के कैंप में हुआ था। यहां से भारतीय टीम का चयन किया जाना था। रोहतक में हुए कैंप के दौरान भारत की टीम में जगह बनाने के लिए नवराज चौहान को कड़ी मेहनत के साथ कड़ी परीक्षा भी देनी पड़ी।
कैंप में चयन के लिए चौहान का मुकाबला एसएसबी के साथ हुआ। यहां एसएसबी की टीम को हराने के बाद चौहान का चयन अंतरराष्ट्रीय टीम के लिए हुआ है। चौहान के चयन पर भारतीय मुक्केबाजी फेडरेशन के वाइस प्रेजिडेंट राजेश भंडारी, हिमाचल के महासचिव सुरेंद्र शांडिल्य, कोच विजय नेगी और साई हास्टल के प्रभारी जयपाल चंदेल ने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ी का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में होना गर्व की बात है।