हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की मुस्कान चौहान का आईआईएम अहमदाबाद में एमबीए कोर्स के लिए चयन हुआ है। बेटी की उपलब्धि पर परिजन फूले नहीं समा रहे। वर्तमान में मुस्कान नोयडा के शिवनादर यूनिवर्सिटी से बीएससी इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रही हैं। अंतिम सेमेस्टर का परिणाम अभी आना बाकी था। मुस्कान ने राष्ट्रीय स्तर के नामी मैनेजमेंट संस्थानों के लिए हुए केट-2020 को उत्तीर्ण करने के बाद नवंबर माह में हुए साक्षात्कार में भाग लिया । इसके बाद इनका चयन हुआ है।
मुस्कान के पिता सुरेंद्र चौहान संजौली कॉलेज में गणित के प्रवक्ता हैं और माता डॉ. अनिता चौहान स्कूल लेक्चरर हैं। बेटी की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि बेटी ने लॉकडाउन के समय का भरपूर उपयोग कर केट-2020 के लिए दिन-रात मेहनत की थी। आज उसका मैनेजमेंट के इस नामी संस्थान में चयन हुआ है। उसका सपना साकार हुआ। बेटी की सफलता पर उन्हें नाज है। मुस्कान ने दसवीं तक की पढ़ाई कान्वेंट ऑफ जीसस एंड मेरी से की। इसके बाद डीएवी लक्कड़ा बाजार से नॉन मेडिकल में बारहवीं की पढ़ाई पूरी की।