किसमें कितना है दम रियलिटी शो के सीजन-3 में सिरमौर के मोनीश अली ने हिमाचल का नाम रोशन किया है। पेंटिंग प्रतियोगिता में मोनीश हिमाचल में अव्वल रहने के साथ दूसरे राज्यों के सैकड़ों प्रतिभागियों में भी दूसरे स्थान पर रहे।
नाहन के रानीताल निवासी मजहर अली के 11 वर्षीय बेटे मोनीश अली ने प्रकृति के सौंदर्य पर ऐसी अद्भुत कलाकृति उकेरी कि पेंटिंग देखने वाले भी उनके कायल हो गए। ड्राइंग पेंटिंग में मोनीश पूरे हिमाचल में प्रथम रहे। पंजाब और हरियाणा में मोनीश अली ने दूसरा स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि से चंडीगढ़ में हिमाचल का नाम रोशन हुआ है। नाहन के एसवीएन स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले मोनीश अली की प्रतिभा ने ग्रैंड फिनाले में उपस्थित दर्शकों का भी दिल जीत लिया। मोनीश ने इस प्रतियोगिता में 6 मुकाबलों का सामना कर फाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के आखिरी मुकाबले में मोनीश अली ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ा मुकाबला दिया। मोनीश ने पेंटिंग करने का हुनर अपने पापा मजहर अली से सीखा है।
मोनीश ने अब इसे अपना शौक बना दिया है। मोनीश ने बताया कि वह अपने पापा से फाइन आर्ट, पॉट्रेट, सिनरीज और मॉडर्न आर्ट का ज्ञान अर्जित कर रहे हैं।
वे भविष्य में डॉक्टर बनने के साथ अपने पिता से सीखे इस हुनर को वह आगे बढ़ाना चाहते हैं।मोनीश की इस सफलता से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है। मोनीश ने अपनी सफलता का श्रेय पिता मजहर अली को दिया है।