जिला मुख्यालय धर्मशाला के दाड़नू की ज्योतिषका कुमारी दिसंबर में आंध्र प्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएगी। राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन की चंबा में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंडर-15 डबल्स मुकाबले में ज्योतिषका ने जीत दर्ज कर यह मुकाम हासिल किया है।
ज्योतिषका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या धर्मशाला में जमा एक की छात्रा है। इससे पूर्व ज्योतिषका स्कूल स्तरीय अंडर-19 प्रतिस्पर्धा में राज्य स्तर पर दूसरे नंबर पर रही थी। जबकि अंडर-13 में भी ज्योतिषका ने जीत का परचम लहराया है।
उसके पिता सुशील कुमार दाड़नू में दुकान करते हैं, जबकि माता रमा देवी गृहिणी हैं। ज्योतिषका ने बताया कि उन्होंने छठी कक्षा से ही बैडमिंटन खेलना शुरू किया था। पहले वह घर में ही बैडमिंटन खेलती थी। बाद उन्होंने इंडोर स्टेडियम में कोचिंग लेना शुरू किया।