प्रदेश के खेल इतिहास में हैंडबॉल की महिला खिलाड़ियों ने मील का पत्थर स्थापित किया है। एशियन खेलों में पहली बार हिमाचल प्रदेश से एक साथ तीन खिलाड़ियों ने एक ही खेल में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है।
प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव नंद किशोर शर्मा व सीईओ डॉक्टर प्रवेश मोंटी ने बताया कि बिलासपुर जिले के घुमारवीं में प्रदेश हैंडबॉल संघ के अंतर्गत चल रही मोरसिंघी हैंडबॉल नर्सरी की खिलाड़ी निधि शर्मा, दीक्षा ठाकुर व प्रियंका ठाकुर का एशियन खेल के लिए भरतीय टीम में चयन हुआ है।
पिछले वर्ष हुई वरिष्ठ राष्ट्रीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में किए प्रदर्शन के आधार पर भारतीय महिला टीम के प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश की छह लड़कियों का चयन हुआ था। दो माह तक भारतीय हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में इनका प्रदर्शन शानदार रहा।
इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर इन खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है। फोन पर हुई बातचीत में तीनों खिलाड़ियों ने हैंडबाल की प्रशिक्षक और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी स्नेहलता को श्रेय दिया है।
उन्होंने प्रदेश हैंडबॉल संघ का भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आभार जताया। चयनित खिलाड़ियों में निधि शर्मा सोलन जिला से जबकि दीक्षा व प्रियंका बिलासपुर जिले से संबंधित हैं। हिमाचल संघ ने खिलाड़ियों को ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उनके अभिभावकों को बधाई दी है।