अनिरुद्ध के दादा ईश्वरदास शर्मा ने बताया कि उनके पोते की बचपन से ही सेना में जाने की इच्छा थी। जमा दो की परीक्षा पास करने के बाद प्रथम प्रयास में ही एनडीए की परीक्षा अखिल भारतीय स्तर पर 12 स्थान पर रहकर उत्तीर्ण किया
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के उपमंडल की सुलपुर बही पंचायत के खरसल गांव के अनिरुद्ध शर्मा भारतीय वायु सेना में लड़ाकू जहाज उड़ाएंगे। शनिवार को पुणे स्थित सैन्य अकादमी खड़गवासला में पासिंग आउट परेड में मंडी के इस होनहार को फ्लाइंग लेफ्टिनेंट के कंधों पर तमगा सजा। स्वजन भव्य परेड में कोविड संकट के चलते भाग नहीं ले सके। उन्होंने वर्चुअल परेड का आनंद लिया।
विज्ञापन
अनिरुद्ध की शिक्षा उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद स्थित जयपुरिया पब्लिक स्कूल में हुई। सीबीएसई जमा दो परीक्षा प्रांत में प्रथम स्थान से उत्तीर्ण की। उनके अस्सी वर्षीय दादा ईश्वरदास शर्मा ने बताया कि उनके पोते की बचपन से ही सेना में जाने की इच्छा थी। हवाई जहाज को देखकर पायलट बनने का सपने देखता था। जमा दो की परीक्षा पास करने के बाद प्रथम प्रयास में ही एनडीए की परीक्षा अखिल भारतीय स्तर पर 12 स्थान पर रहकर उत्तीर्ण किया और उसका चयन 18 वर्ष की आयु में ही सैन्य अकादमी खड़गवस्थला के लिए हवाई सेना में हो गया।
वहां भी अनिरुद्ध ने प्रथम श्रेणी में एनडीए की परीक्षा पास कर अपने सपने को साकार किया। अनिरुद्ध फुटबाल खिलाड़ी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तरप्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व किया है। एक वर्ष फाइटर प्लेन उड़ाने का प्रशिक्षण हैदराबाद वायुसेना अकादमी में होगा। इनके पिता प्रवीण कुमार शर्मा बैंक अधिकारी हैं। माता अनिता शर्मा गृहिणी हैं। वह यूपी में नौकरी करते हैं। मंडी में अनिरुद्ध की इस सफलता से उनकी दादी हेमलता शर्मा, चाचा नवीन कुमार, चाची सुमन शर्मा, बहन निवेदिता शर्मा, फूफा प्रो. रमेश शर्मा और बुआ मीरा शर्मा ने खुशी जताई है।