बैजनाथ के डॉ. अंकुर गुलियानी चर्म रोग विशेषज्ञ बने हैं। उन्होंने पीजीआई में एमडी में कांस्य पदक भी जीता है। डॉ अंकुर गुलियानी को चंडीगढ़ में आयोजित पीजीआई के 35वें दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें केंद्रीय स्वास्थय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने दिया।
डॉ. गुलियानी की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर और न्यूगल पब्लिक स्कूल पालमपुर में हुई है। उन्हें पिछले साल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडिनवर्ग (स्कॉटलैंड) में चर्म रोग विशेषज्ञों की ब्रिटिश परिषद ने 98वें वार्षिक सम्मेलन में भी सम्मानित किया गया था।
चर्म रोगों पर डॉ. अंकुर के अब तक 20 शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हो चुके हैं। वर्तमान में डॉ. अंकुर सरकारी अस्पताल बद्दी में पत्नी डॉ शैलजा के साथ कार्यरत हैं।
डॉ. अंकुर ने इन उपलब्धियों का श्रेय विभागाध्यक्ष डॉ संजीव हांडा और चीफ गाइड डॉ. दीपांकर डे को दिया है। अंकुर की इस उपलब्धि पर उनके पिता पूर्व बीडीसी चेयरमैन डॉ. विनोद गुलियानी और माता डॉ. नीरु गुलियानी ने खुशी जताई है।