पर्यावरण संरक्षण और पानी बचाओ का संदेश लेकर नवंबर में कश्मीर से कन्याकुमारी की पैदल यात्रा पर निकले मुनस्यारी के शुभम धर्मशक्तू (25) शनिवार को करीब 2500 किमी की यात्रा पूरी कर मुंबई पहुंचे। मुंबई में जोहार सांस्कृतिक संगठन ने शुभम को सम्मानित किया।
पर्वतारोही लवराज धर्मशक्तू के भतीजे शुभम पर्यावरण संरक्षण, पानी बचाओ का संदेश लेकर 5 नवंबर 2018 को कश्मीर से चले। शुभम इससे पहले भी कई एकल साहसिक अभियानों में निकल चुके हैं। उन्होंने दो साल पहले नार्थ इंडिया हिल से 6000 किमी की साइकिल यात्रा 105 दिन में पूरी की। अहमदाबाद से कन्याकुमारी की 3200 किमी की यात्रा भी शुभम कर चुके हैं।
शनिवार को मुंबई पहुंचने पर जोहार सांस्कृतिक संगठन ने शुभम का स्वागत किया। आयकर आयुक्त नरेंद्र जंगपांगी, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के उच्च अधिकारी डॉ. प्रयाग रावत, एलआईसी के कार्यपालक निदेशक दिनेश जंगपांगी, कौथिक फाउंडेशन के केशर सिंह बिष्ट, सुशील जोशी, मनोज भट्ट, उद्योगपति सुरेश राणा, तरुण चौहान, जगजीवन कन्याल, प्रवीण ठाकुर, सुरेश काला, अशोक मुरारी, जगदीश सामंत, नगर सेवक बहादुर बिष्ट, फिल्म कलाकार अशोक मल्ल समेत करीब 200 लोग मौजूद थे।
मुंबई से फोन पर जगजीवन कन्याल ने बताया कि शुभम रविवार को मुंबई से कन्याकुमारी की 2000 किलोमीटर की यात्रा पर निकल पड़े हैं। शुभम ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन अहमदाबाद से शिक्षा ग्रहण की है। उनका परिवार हल्द्वानी में रहता है।