गेयटी थियेटर शिमला में अपने नाटकों से सबको हंसाने वाले कलाकार धीरेंद्र सिंह रावत अब स्टार भारत चैनल पर चल रहे धारावाहिक निमकी मुखिया में अपनी प्रतिभा के जलवे बिखेर रहे हैं। नाहर सिंह गैंग में शामिल धीरेंद्र नेगेटिव रोल में हैं।
इस नाटक के बाद धीरेंद्र अब बाला साहेब ठाकरे पर बन रही फिल्म में भी नजर आएंगे। फिल्म में भी उन्हें नेगेटिव रोल मिला है। शिमला में थियेटर में करीब 14 साल काम करने का अनुभव रखने वाले रावत लेखन और निर्देशन में भी हाथ आजमा चुके हैं।
डेथ ऑफ ए सेल्समैन, पाखंड, फाइट ऑफ इनोसेंस, करवट, कफन, बलिदान, 36 रानियों का राजा जैसे नाटकों में मुख्य भूमिका निभा चुके हैं। चायल से स्कूली पढ़ाई पूरी करने वाले रावत राष्ट्रीय स्तर के पहलवान भी रह चुके हैं।
रावत का कहना है कि थिएटर ने उन्हें नई पहचान दी है। जो युवा इस फील्ड में हैं, उन्हें शुुरुआती संघर्ष के बाद सफलता जरूर मिलेगी।
जनेड़घाट के रहने वाले हैं रावत- धीरेंद्र सिंह रावत जुनगा के साथ लगते जनेड़घाट के आलमपुर गांव के रहने वाले हैं। वे यूथ फेस्टिवल में भी कई बार शिमला जिला और प्रदेश का नेतृत्व कर चुके हैं।