हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां के हटवास गांव की 11 वर्षीय डांस मास्टर अहाना कौशल नृत्य के साथ एक्टिंग में भी जलवे बिखेरेंगी। आने वाले समय में वे बॉलीवुड की पंजाबी फिल्म हुनर में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट लीड रोल में नजर आएंगी। 27 अप्रैल को वरुण बंसल फिल्म्स के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण शुरू कर दिया है।
अहाना डीडी पंजाबी चैनल की नृत्य प्रतियोगिता ‘किसमें कितना है दम’ में जूनियर फिनाले की विजेता रह चुकी हैं। अहाना के पिता अजय कौशल नालागढ़ में एक निजी कंपनी में बतौर सहायक प्रबंधक कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में डीडी पंजाबी चैनल के ‘किसमें कितना है’ दम डांस प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग का खिताब अहाना के नाम रहा था। अहाना ने जी टीवी के डीआईडी लिटल मास्टर्स के प्रोमो तक स्थान बना लिया था।
इसके अलावा हिमाचल टैलेंट चैंपियनशिप भी अपने नाम कर चुकी है। वे फिल्मों में एक्टिंग करने में भी दिलचस्पी रखती हैं। यही कारण है कि डीडी पंजाबी की नृत्य प्रतियोगिता के दौरान अहाना के नृत्य के साथ एक्टिंग की प्रतिभा से प्रभावित होकर उसे हुनर फिल्म के लिए निर्माता ने साइन किया है।
अहाना आने वाले समय में श्रीगणेश प्रोडक्शन की दो फिल्मों आयान और भस्म में भी नजर आएंगी। पेशे से अध्यापक अहाना की माता मीनू कौशल ने बताया कि वह अभी नालागढ़ में सातवीं कक्षा की छात्रा है। डांस उसका बचपन से ही पैशन रहा है। अहाना ने बताया कि नृत्य के साथ-साथ वह एक्टिंग में भी खुद को स्थापित करेंगी।