कुल्लू की बारटलेट नाशपाती 105 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
- फोटो : अमर उजाला
कुल्लू की बारटलेट नाशपाती को इस बार दोगुने से भी ज्यादा मिल रहे हैं। दिल्ली की आजादपुर मंडी में दस किलो की पेटी 1100 रुपये तक बिक रही है जबकि पिछले साल महज 500 रुपये मिले थे। लोकल मंडियों में भी वीरवार को बारटलेट नाशपाती 105 रुपये प्रति किलो बिकी।
हालांकि, इस वर्ष नाशपाती की फसल पिछले वर्ष की तुलना 60 फीसदी कम है लेकिन अच्छे दाम मिलने से बागवानों को नुकसान की भरपाई की उम्मीद है। घराकड़ के बागवान ठाकर चंद का कहना है कि दिल्ली में दस किलो की पेटी 1100 रुपये तक बिक रही है। बागवान केहर सिंह, रमेश महंत, अमित आदि ने कहा कि बंदरोल मंडी में वीरवार को नाशपाती 105 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिकी है।
बंदरोल आढ़ती एसोसिएशन के चेयरमैन मोहन लाल ठाकुर ने भी कहा कि वीरवार को उत्तम किस्म की नाशपाती 105 रुपये प्रति किलो की दर से बिकी है। इधर, कुल्लू एवं लाहौल स्पीति कृषि उपज विपणन के सचिव सुशील गुलेरिया ने कहा कि स्थानीय मंडियों में नाशपाती के अच्छे दाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी मंडियों में कम संख्या में नाशपाती की खेप पहुंच रही है।
1400 रुपये में बिक रहा टाइडमैन
सेब की टाइडमैन और रेड जून किस्में मार्केट में आ चुकी हैं। शिमला की ढली सब्जी मंडी में टाइडमैन की 24 किलो तक की एक पेटी 1400 रुपये और रेड जून की 600 रुपये तक बिक रही है। यहां पिछले सप्ताह से मंडी जिले के करसोग, कुल्लू के आनी और अन्य कई
इलाकों का सेब पहुंच रहा है। टाइडमैन और रेड जून किस्मों के बाद अब आने वाले दिनों में रेड डिलिशियस किस्में भी मार्केट में पहुंच जाएंगी। भट्टाकुफर फल मंडी के आढ़ती संजीव सुंटा ने बताया कि टाइडमैन सेब और रेड जून सेब सभी निचले क्षेत्रों से आना शुरू हो चुका है।