इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) के बीच दिल्ली में हुई बैठक में समस्या का कोई हल न निकलने के बाद बैंक कर्मियों ने 25 से 28 फरवरी तक हड़ताल करने का फैसला लिया है।
इस चार दिवसीय हड़ताल के बाद अगला दिन रविवार होने के कारण पांचवें दिन भी बैंकों में कामकाज नहीं होगा। हड़ताल हिमाचल में भी होगी और लेन देन नहीं हो पाएगा। ऐसे में जो लोग अगले दो तीन दिन के दौरान बैंक से जुड़े काम काज करना चाहते हैं, उन्हें आज ही निपटा लीजिए।
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि आईबीए ने अपने प्रस्ताव में कोई इजाफा नहीं किया लेकिन द्विपक्षीय बैठक अब 23 फरवरी को मुंबई में रखने की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में आईबीए ने हड़ताल को स्थगित करने को कहा है, ताकि बात आगे बढ़ सके।
लेकिन यूनियन का कहना है कि पिछली बार भी यही बात कहकर हड़ताल स्थगित करवाई गई थी। उसके बाद आईबीए ने कोई ठोस प्रयास नहीं किया। हालांकि बातचीत के दौरान उपस्थित चीफ लेबर कमिश्नर (सीएलसी) ने एक और द्विपक्षीय वार्ता करने की सलाह दी है।
23 फरवरी को मुंबई में द्विपक्षीय बैठक बुलाई है, जिसके लिए तमाम बैंक यूनियनें उसमें शामिल होने के लिए तैयार हो गईं हैं। जबकि यूनियनों ने 19.5 फीसदी वेतन वृद्धि की मांग में कुछ घटाने को भी राजी है। यदि 23 फरवरी को बात नहीं बनती तो 25 से हड़ताल रहेगी।