डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में एक रोगी ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। 52 वर्षीय सुभाष चंद पठानकोट का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रोगी था। उसे टांडा के मेडिसिन वार्ड में 17 अगस्त को दाखिल करवाया गया था। रोगी ने जैसे ही सुबह अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाई तो अफरातफरी मच गई।
सुरक्षा कर्मियों ने टांडा पुलिस चौकी को सूचित किया। गंभीर हालत में उसे इमरजेंसी में लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एमएस डॉ. जीडी गुप्ता ने बताया कि रोगी मेडिसिन वार्ड में उपचाराधीन था। उन्हें सूचना मिली कि रोगी ने छलांग लगा दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दे दी है। पुलिस थाना प्रभारी कुलदीप राज ने बताया कि टांडा अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच कर शुरू कर दी है। मेडिसिन वार्ड में भर्ती अन्य रोगियों से भी सुभाष के बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।