देश-विदेश से रोहतांग के दीदार को पहुंचे सैलानी सोमवार को परमिट न मिलने से मायूस होकर लौट गए। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की मोहलत खत्म होने के बाद सोमवार से प्रशासन ने मनाली से रोहतांग जाने वाले सभी तरह के पेट्रोल और डीजल वाहनों पर रोक लगा दी है।
लिहाजा, किसी को भी परमिट नहीं दिया जा रहा। केवल लाहौल स्पीति और लेह जाने वालों को ही परमिट दिए गए। इसके लिए इन्हें पहले मनाली में बैरियर पर पुख्ता प्रमाण देने पड़े, तभी परमिट जारी हुए। एसडीएम मनाली ज्योति राणा का कहना है कि एनजीटी के आदेशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।
रोहतांग में कोई भी वाहन खड़ा नहीं हो पाएगा। मढ़ी चौकी में तैनात पुलिस रोहतांग में गश्त करेगी। अगर कोई भी वाहन रोहतांग में पकड़ा गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि टैक्सी ऑपरेटरों और अन्य कारोबारियों को अब सितंबर तक कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही। एनजीटी अगली सुनवाई अब 17 सितंबर को करेगा।