हिमाचल में मैगी की बिक्री और उत्पादन पर फिलहाल रोक जारी रहेगी। राज्य सरकार पूरे मामले की छानबीन करने के बाद ही इसको लेकर फैसला लेगी। गौरतलब है कि कई राज्यों में मैगी की बिक्री से रोक हटा दी गई है।
बुधवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेस्ले कंपनी के आवेदन पर विचार किया जा रहा है। बीते जून महीने से हिमाचल में मैगी की बिक्री और ऊना जिले के टाहलीवाल में उत्पादन पर रोक लगी हुई है।
बीते दिनों ही नेस्ले कंपनी ने निदेशालय को पत्र लिखकर रोक हटाने की मांग की है। कंपनी ने मैगी को सभी जांच-पड़ताल में पास बताया है। हिमाचल सरकार से रोक को हटाने की मांग की है।
निदेशक खाद्य सुरक्षा नियामक ने नेस्ले कंपनी के आवेदन को स्वास्थ्य सचिव के मार्फत सरकार तक पहुंचा दिया है।