छात्रावास की सड़कों, स्ट्रीट लाइटों की करवाएं मरम्म्त अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्रावासों में आम छात्रों को पेश आने वाली समस्याओं और बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांगों को लेकर एबीवीपी की विवि इकाई ने शुक्रवार को चीफ वार्डन को मांग पत्र सौंपा।
इकाई उपाध्यक्ष आशीष शर्मा की अगुवाई में चीफ वार्डन से मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विवि के छात्रावासों में बाहरी लोगों के अवैध प्रवेश जारी है। इससे विवि में हिंसा और तनावपूर्ण माहौल बनने की संभावना रहती है। इसको देखते हुए विवि छात्रावासों में बोर्डर के अलावा बाहरी लोगों के अवैध रूप से प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाए। यदि अवैध रूप से प्रवेश करने वालों को नहीं रोका गया तो एबीवीपी इसको लेकर उग्र आंदोलन करेगी।
आशीष ने इस दौरान छात्रावासों में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को सुधार करने, पोर्टर हिल की ओर बने छात्रावासों की मुख्य सड़क की टारिंग तथा इसमें रात के समय छात्र सुविधा के लिए स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को सुधारने जैसी मांगें भी उठाईं। इन छात्र नेताओं ने कहा कि आम छात्रों की इन समस्याओं को नजरअंदाज न किया जाएं। मांगे पूरी न हुई तो एबीवीपी आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।