कमरूनाग को माना जाता है बारिश का देवता
देव कमरूनाग को मंडी जिला में बारिश का देवता माना जाता है। जब भी किसानों-बागवानों को संकट आता है तो लोग देव कमरूनाग के दरबार पहुंच जाते हैं। देवता बारिश भी बरसाते हैं और मौसम भी साफ करते हैं। जनपद के आराध्य देव कमरूनाग आगामी 17 फरवरी को छोटी काशी के महापर्व शिवरात्रि का आगाज करने मंडी रवाना होंगे। देवता 25 फरवरी को मंडी पहुंचेंगे और भगवान माधो राय से दिव्य मिलन करेंगे। जिला प्रशासन ने बड़ा देव के स्वागत की तैयारियां पूरी कर दी हैं।
यज्ञमान देवता से आगमन से पहले करवा लें हवन
बड़ा देव कमरूनाग के गूर देवी सिंह ने बताया कि मंडी शिवरात्रि के दौरान जिस भी घर में बड़ा देव मेहमाननवाजी को जाएंगे। वहां यजमान देवता के पहुंचने से पूर्व घर में हवन करवा लें। उन्होंने कहा कि यह देवता का आदेश है।
देव कमरूनाग ने शिवरात्रि मेले के दौरान मंडी स्थित सेरी चानणी में मेला वापसी के दौरान विराजमान होने पर साफ मना कर दिया है। देवता ने अपने गूर और देवलुओं को निर्देश दिए हैं कि इस नियम का पालन अवश्य किया जाना चाहिए। लोग और भक्त देवता के दर्शन और उनका आशीर्वाद लेने टारना मंदिर ही पहुंचे।-देवी सिंह, गूर कमरूनाग