हिमखंड को हटाने में जुटी बीआरओ की मशीनरी।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद लाहौल-स्पीति जिले में बुधवार को मनाली-लेह मार्ग स्थित बिलिंग नाला के पास और उदयपुर में हिमखंड गिरे। हिमखंड गिरने से कुछ समय चिनाब नदी का बहाव रुक गया। कुल्लू और लाहौल स्पीति में ताजा बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। राजधानी शिमला में भी बुधवार को बारिश हुई। बर्फबारी से मनाली-लेह मार्ग पर दारचा से आगे सड़क बहाली के अभियान को झटका लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 26 फरवरी तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। 27 से मौसम साफ होने के आसार हैं।
प्रदेश में बिगड़े मौसम से बुधवार को 200 सड़कें और 447 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। लाहौल-स्पीति जिले में सबसे अधिक 181 सड़कें बंद हैं। किन्नौर में 10, कुल्लू में 3, चंबा में 2 और शिमला-मंडी-सोलन व सिरमौर में एक-एक सड़क बंद रही। बर्फबारी के चलते शिमला जिला में 195, लाहौल-स्पीति में 140, चंबा में 83 और कुल्लू में 29 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। मंगलवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.1, कल्पा में माइनस 0.6, मनाली में 1.0, कुफरी में 2.6, डलहौजी में 2.7, शिमला में 5.2 और धर्मशाला में 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, रामपुर उपमंडल में बुधवार सुबह 9:58 बजे भूकंप का झटका महसूस हुआ। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4 आंकी गई। सेरी मझाली भूकंप का केंद्र रहा। हालांकि किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
क्षेत्र बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग दर्रा 50
गोंदला 35
चंद्रा घाटी 30
केलांग 26
अटल टनल 20
जलोड़ी दर्रा 20
कल्पा 12
सोलंगनाला 10
पूह 6
सांगला 5