मरीजों को बार-बार सैंपल देने के झंझट से मिलेगी राहत
मशीन खुद करेगी सारे टेस्ट, तकनीकी स्टाफ की भी कम होगी जरूरत
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी (एआईएमएसएस) अस्पताल में जल्द ऑटोमेटेड लैब स्थापित कर मरीजों को टेस्ट सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। अस्पताल में बन रहे एडिशनल ब्लॉक का जून तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद इस भवन में 25 करोड़ से अत्याधुनिक टेस्ट मशीनों से ऑटोमेटेड टेस्ट लैब स्थापित की जाएगी।
लैब स्थापित होने और इससे टेस्ट सुविधा मिलने से एक ही ब्लड सैंपल से सैकड़ों टेस्ट अपने आप मशीनों द्वारा किए जाएंगे। इससे टेस्ट करने के लिए लैब तकनीशियनों और स्टाफ की जरूरत कम रहेगी। सैंपल देने के साथ ही मशीन में अपने आप ही टेस्ट होंगे और उसकी रिपोर्ट कम से कम समय में ऑनलाइन जनरेट होगी। इस सुविधा के मिलने से मरीजों के ब्लड से संबंधित अलग-अलग टेस्ट के लिए बार-बार ब्लड सैंपल नहीं लेने पड़ेंगे। एक ही जगह पर मरीजों को टेस्ट की सुविधा मिलने से भटकने से भी राहत मिलेगी। ऑन स्क्रीन रिपोर्ट जनरेट होगी जिसे चिकित्सक ऑनलाइन भी देख कर स्टडी कर सकेंगे, इससे समय भी बचेगा। यह एक ट्रैक आधारित स्वचालित प्रयोगशाला के रूप में कार्य करेगी। प्रदेश सरकार ने प्रदेश के तीन अस्पतालों में यह सुविधा देने की घोषणा की है, जिसमें उम्मीद है कि चमियाना अस्पताल में सबसे पहले ऑटोमेटेड लैब बनकर तैयार होगी और इसमें टेस्ट शुरू हो जाएंगे। इससे मरीजों की परेशानी और समय दोनों बचेगा। इस लैब में ऐसे टेस्ट भी होंगे जिनके लिए मरीजों को आईजीएमसी जाना पड़ता है।
सभी विभागों की अपनी अलग होंगी लैब
चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में चल रहे यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ग्रेस्ट्रोएंट्रोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, एंडोक्राइनोलॉजी विभागों की अपनी लैब की सुविधा भी होगी। इसमें विभाग के बेसिक टेस्ट और उनकी रिपोर्ट की सुविधा मरीजों को मिलेगी। अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों का आंकड़ा एक हजार तक पहुंच गया है। आधुनिक लैब की सुविधा मिलने पर यहां आने वाले मरीजों की टेस्ट की परेशानी का स्थायी समाधान होगा। वर्तमान में इस अस्पताल की अपनी लैब और एक निजी लैब क्रस्ना है जिसे परिसर में टेस्ट करने की अनुमति सरकार से मिली है।
कोट
चमियाना अस्पताल के प्राचार्य एवं एमएस डॉ. बृज शर्मा ने माना कि जल्द ही अस्पताल की ऑटोमेटेड ट्रैक आधारित लैब शुरू होगी। इसके लिए भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसका कार्य जून माह तक पूरा होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चमियाना अस्पताल को एक आदर्श सरकारी अस्पताल बनाने के लिए हर तरह से सहयोग दिया है, लैब के लिए 25 करोड़ का बजट जारी किया गया है। भवन के उद्घाटन के साथ ही लैब को स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रदेश के तीन अस्पतालों में ऑटोमेटेड लैब की सुविधा मिलेगी। उम्मीद है कि जून या जुलाई में लैब शुरू हो जाएंगी।