9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे होगा समापन
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। कार्तिक अमावस्या को मनाया जाने वाला दिवाली का पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर घरों और प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना होगी। राधा-कृष्ण मंदिर गंज बाजार के पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि दीपावली पर लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त प्रदोष काल में शाम 5:31 से रात 8:09 बजे तक रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे शुरू होकर 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। दीपावली पर प्रदोष काल में अमावस्या तिथि का होना विशेष महत्व रखता है। दिवाली को लेकर घरों और बाजारों में खासा उत्साह है। लोगों ने घरों को सजाने और दीपों व रंग-बिरंगी लाइटों से रोशन करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि उदया तिथि और प्रदोष काल के संयोग के चलते इस वर्ष छोटी और बड़ी दिवाली एक ही दिन मनाई जा रही हैं। कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 7 नवंबर को सुबह 10:47 बजे शुरू होकर 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे तक रहेगी। इसके बाद अमावस्या तिथि शुरू हो जाएगी। छोटी दिवाली पर सूर्योदय से पहले स्नान करने की परंपरा और उदया तिथि के विशेष संयोग के कारण इस बार नरक चतुर्दशी 8 नवंबर को मनाई जाएगी।