अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की नव नियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी की लोकसभा चुनाव के दौरान हिमाचल में कम से कम एक रैली कराई जाएगी। इसके लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर प्रियंका की रैली के लिए व्यक्तिगत रूप से आग्रह करेंगे।
हालांकि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में एक-एक रैली करने का मामला हाईकमान से उठाया गया है। राहुल गांधी के हामी भरते ही प्रदेश में रैलियों की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
पार्टी सूत्रों से मालूम हुआ है कि दिल्ली में लोकसभा चुनाव को लेकर मंगलवार तो प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फिर से मंथन करेंगे। दिल्ली में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह सहित पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और महासचिव रजनीश किमटा को भी बुलाया गया है।
इस दौरान महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे। बताते हैं कि लोकसभा चुनाव को लेक र पार्टी की भावी रणनीति क्या रहेगी, इसे लेकर भी चर्चा की जानी है।