सहायक दवा नियंत्रक की कथित सहयोगी महिला डॉक्टर को इस मामले में जमानत मिल गई है। कोर्ट ने महिला को 50 हजार के मुचलके पर जमानत का फैसला सुनाया है। विशेष न्यायाधीश भूपेश शर्मा ने यह फैसला देते हुए महिला को जांच में सहयोग करने के आदेश दिए हैं। साथ ही विजिलेंस महकमे को दो सितंबर को नए सिरे से साक्ष्य पेश करने को कहा है। विजिलेंस की टीम ने सहायक दवा नियंत्रक के सात ठिकानों पर दबिश दी थी। इनमें से पंचकुला में जेनिया फार्मा उद्योग व उद्योग की पार्टनर महिला डॉक्टर के पास भी विजिलेंस की टीम पहुंची थी। जिसके बाद इस मामले में महिला डॉ. को भी सह आरोपी बनाया गया। जिसे कोर्ट ने शुक्रवार को जमानत पर रिहा कर दिया।
जल्द गिरफ्तार होगा सहायक दवा नियंत्रक : अनुराग गर्ग
विजिलेंस के एडीजी अनुराग गर्ग का कहना है कि अग्रिम जमानत याचिका रद्द होने के बाद विजिलेंस महकमा आरोपी निशांत सरीन की गिरफ्तारी को लेकर सक्रिय हो गया है। इस मामले में तीन से चार टीमों का गठन किया गया है जो आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेंगी। उन्होंने कहा कि सहायक दवा नियंत्रक पर देश भर में अलग-अलग होटलों में ठहरने, हवाई यात्रा करने और उनके खर्च का भुगतान दवा कंपनियों के माध्यम से करवाने का आरोप है। जिसकी जांच विजिलेंस की टीम कर रही है।