ग्रामीण विकास व कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मंगलवार को कृषि विभाग की पांच और पशुपालन विभाग की छह प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) सेवाओं का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस अवसर पर वीरेंद्र कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रीन हाउस नवीनीकरण योजना, मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना, एंटी हेल नेट योजना, राज्य कृषि यंत्रीकरण कार्यक्रम और पशुपालन विभाग की छह योजनाओं में सामान्य बीपीएल के तहत गर्भवती देसी व स्वदेशी गायों के राशन का रख-रखाव, हिम कुक्कुट पालन योजना, कृषक बकरी पालन योजना, एससीएसपी के तहत गर्भवती देसी व स्वदेशी गायों के राशन का रखरखाव, भेड़ प्रजनकों को अनुदानित मेढ़े के प्रावधान की योजना और उत्तम पशु पुरस्कार योजना को इसके तहत लाया गया है।
इन सेवा का लाभ उठाने के लिए लोग आन लाइन भी आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इन ऑनलाइन सेवाओं के तहत अब आवेदकों को डीबीटी योजना के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। आवेदन करने के लिए आनलाइन ट्रैक करने की भी सुविधा दी गई है। आवेदक लोकमित्र केंद्र व पोर्टल के माध्यम से वेबसाइट पर भी आवेदन कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रधान सचिव (आईटी) रजनीश, पशुपालन सचिव डॉ. अजय कुमार शर्मा, कृषि सचिव राकेश कंवर, कृषि निदेशक एनके धीमान व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।