आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह (फाइल फोटो)
प्रदेश सरकार एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की मदद से पुरानी पेयजल स्कीमों का जीर्णोद्धार करवाएगी। ग्रामीण इलाकों में वर्षों पुरानी क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत होगी। एडीबी एक हजार करोड़ रुपये की वित्तीय मदद देगा। प्रोजेक्ट से ग्रामीण इलाकों के लोगों की पेयजल समस्या दूर होगी। ग्रामीण इलाकों में वर्षों पुरानी पेयजल स्कीमें के क्षतिग्रस्त होने और लीकेज के कारण लोगों को इनका फायदा नहीं मिल रहा है।
योजना से क्षमता के अनुसार लोगों को पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है। इन योजनाओं की मरम्मत किए जाने की लंबे समय से जरूरत थी। इन योजनाओं की मरम्मत कर ग्रामीण क्षेत्रों मे काफी हद तक पानी की जरूरत पूरी की जा सकती है। पानी की योजनाओं की पेयजल आपूर्ति लाइनें क्षतिग्रस्त हैं। इन योजनाओं के भंडारण टैंकों की पूरी क्षमता का उपयोग नहीं हो रहा है।
आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में पुरानी पेयजल योजनाओं की जीर्णोद्धार कार्य शीघ्र शुरू किया जा रहा है। इसके लिए विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जा चुकी है। मरम्मत के लिए एडीबी से एक हजार करोड़ की वित्तीय मदद ली जा रही है। इन योजनाओं का मरम्मत के बाद पूरी क्षमता से उपयोग किया जा सकेगा और लोगों की पेयजल जरूरत पूरी होगी।