बसों में क्या आपको रिजर्व सीट मिलती है? ड्राइवर या कंडक्टर दुर्व्यवहार तो नहीं करते? वीरवार को परिवहन विभाग की टीम ने बसों का निरीक्षण कर महिलाओं से यह सवाल पूछे।
एआरटीओ रविंद्र कुमार शर्मा की अगुवाई में परिवहन विभाग की टीम ने टालैंड में बसों की जांच की। विशेष श्रेणी यात्रियों (महिलाएं, बुजुर्ग, अपंग और कैंसर पीड़ित) के लिए बसों में आरक्षित सीटों को लेकर किए गए निरीक्षण के दौरान जिन बसों में महिलाएं खड़ी मिली उन्हें सीटें उपलब्ध करवाई गईं।
बसों में बिना वर्दी मिले चालक परिचालकों के चालान भी किए गए। एआरटीओ रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि विशेष श्रेणी यात्रियों को उनका हक दिलाने के लिए विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया है। अभियान को लेकर बसों में सफर कर रही महिलाओं से फीड बैक लिया गया है।
महिलाओं को उनके अधिकार के बारे में जागरूक भी किया गया है। अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने पर 20 वाहनों के चालान कर करीब चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।