तुपचलिंग गोंपा पहुंचे आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर
- फोटो : अमर उजाला
अटल टनल रोहतांग खुलने के बाद यह पहला मौका है कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आध्यात्मिक गुरु एवं आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रवि शंकर अटल टनल निहारने नॉर्थ पोर्टल पहुंचे। रविवार को अटल टनल देखने के बाद श्रीश्री रविशंकर चंद्रभागा संगम स्थल तांदी पहुंचे। यहां उन्होंने चंद्रभागा संगम के नाम से विख्यात वैदिक नदी असकिनी के दर्शन और पवित्र जल से पंचस्नान किया। उन्होंने प्रसिद्ध बौद्ध मठ तुपचीलिंग गोंपा में भी दर्शन कर पूजा की।
उपायुक्त पंकज राय और तांदी पंचायत के उपप्रधान वीरेंद्र तुपचीलिंग ने श्रीश्री रविशंकर का गोंपा में स्वागत किया। वीरेंद्र ने बताया कि उन्होंने लाहौल घाटी को स्विट्जरलैंड की तरह सुंदर बताया और विषम हालातों में लोगों के गुजर बसर करने से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस अद्भुत देवस्थल में रुकने की चाह थी, लेकिन समय के अभाव में लौट रहे हैं। इसके बाद रविशंकर सिस्सू में चल रहे स्नो फेस्टिवल में फूड फेस्टिवल में भी पहुंचे। यहां स्थानीय लोगों ने पारंपरिक मारपिंड और कलछोर से उनक स्वागत किया। कुछ देर स्टाल का निरीक्षण करने के बाद वह पर्यटन नगरी मनाली लौट आए।