आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्यों ने शनिवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संकट मोचन और रामचंद्रा चौक पर पौधरोपण किया। शाम के समय राम मंदिर में सत्संग का भी आयोजन किया गया।
आर्ट ऑफ लिविंग की प्रदेश मीडिया समन्वयक तृप्ता शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे संकट मोचन मंदिर के पास पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम में एसडीएम शिमला ज्ञान सागर नेगी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। तहसीलदार मंजीत शर्मा और आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्यों ने पौधरोपण किया। इसके बाद आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्यों ने बैनमोर वार्ड के तहत रामचंद्रा चौक पर भी देवदार और बान के पौध रोपे।
दोपहर बाद शाम पांच बजे श्रीराम मंदिर में सत्संग संध्या का आयोजन किया गया। आर्ट ऑफ लिविंग की सत्संग टीम ने गुरु श्री श्री रविशंकर को समर्पित भजन गाए। सत्संग की शुरुआत गणेश वंदना से की गई।
इसके बाद गुरु पूजा और गुरु पादुका स्रोतम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संजय सूद, आर्ट ऑफ लिविंग की जिला कल्याण समिति की सदस्य ममता सूद, अभय शर्मा, सीमा शर्मा, ओपी तनवर, श्वेता गुप्ता, कमलेश चौहान, यामिनी शर्मा, निर्मल, चंचल, सोनिया मिनोचा, भूपेंद्र शर्मा, शशि कालिया, गिन्नी, धारा सरस्वती, रीना नमिता सूद और नलिनी समेत अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया।
गुरु पूर्णिमा पर बैठक आयोजित
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति की ओर से बैठक का आयोजन किया गया। योग समिति के केंद्रीय प्रभारी लक्ष्मी दत्त शर्मा ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं से दिसंबर तक प्रत्येक तहसील में समितियों के गठन का आह्वान किया। इस मौके पर यज्ञ का भी आयोजन किया गया।
रविवार से होगा गुरु की महिमा का गुणगान
विश्व जागृति मिशन शिमला मंडल द्वारा रविवार को फिंगास्क इस्टेट स्थित विश्व जागृति मिशन भवन में सत्संग का आयोजन किया जाएगा। मिशन के प्रधान हरि चंद गुप्ता ने बताया कि सत्संग के दौरान गुरु की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
विश्व शांति के लिए हवन-यज्ञ
हिमाचल प्रदेश गायत्री परिवार की ओर से शनिवार को गायत्री पीठ विकासनगर में गुरु पूर्णिमा उत्सव आयोजित किया गया। मीडिया प्रभारी जयराम शर्मा ने बताया कि इस मौके पर पवित्र ध्यान साधना और विश्व शांति के लिए हवन यज्ञ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शांति कुंज हरिद्वार से आए प्रतिनिधि भगवती राम गौड़ भी उपस्थित रहे।