सितंबर में होनी वाली सेना की खुली भर्ती के लिए मंडी, कुल्लू और लाहौल स्पीति के युवाओं को दो महीने अभी और इंतजार करना होगा। फिर भी खुली भर्ती रैली मंडी और कुल्लू जिला के किसी मैदान में नहीं होगी। उसके लिए भी बिलासपुर के लुहणू मैदान को रुख करना होगा। सेना की खुली भर्ती रैली 9 से 14 नवंबर तक बिलासपुर के लुहणू मैदान में संभावित है।
सेना भर्ती कार्यालय मंडी के भर्ती निदेशक कर्नल अमरजीत वासदेव ने कहा कि यह भर्ती रैली सेना में सैनिक सामान्य ड्यूटी (जीडी), सैनिक लिपिक/स्टोर कीपर वर्ग, सिपाही तकनीकी, सिपाही ट्रेडमैन, सिपाही नर्सिंग असिस्टेंट और नर्सिंग असिस्टेंट वेटरनरी की भर्ती की जाएगी। साथ ही डीएससी वर्ग के पदों के उम्मीदवारों के लिए भूतपूर्व सैनिकों का चयन किया जाएगा।
इन क्षेत्रों के सेवारत सैनिक, भूतपूर्व सैनिक, युद्ध विधवाओं के पुत्रों, एनसीसी प्रमाणपत्र धारक तथा खेल प्रमाण पत्र धारक भी भर्ती में शामलि हो सकेंगे। उम्मीदवार भर्ती वाले दिन अपने साथ शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र हिमाचली निवास प्रमाण पत्र, डोगरा व जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, 12 रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ सहित सभी प्रमाण पत्रों की दो-दो सत्यापित फोटो कापी साथ लाएं।