सेना भर्ती कार्यालय मंडी ढालपुर स्पोर्ट्स ग्राउंड कुल्लू में 22 से 28 मई तक खुली भर्ती का आयोजन करने जा रहा है।
सेना भर्ती कार्यालय मंडी के भर्ती निदेशक कर्नल एसडी माथुर ने कहा कि मंडी, कुल्लू तथा लाहुल-स्पीति जिलों के उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती रैली आयोजित की जा रही है।
यह भर्ती रैली सेना में सैनिक सामान्य ड्यूटी जीडी, सैनिक लिपिक/ स्टोर कीपर वर्ग और डीएससी वर्ग के पदों के उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
22 को कुल्लू और लाहौल स्पीति के लिए भर्ती
कर्नल माथुर ने बताया कि सैनिक सामान्य ड्यूटी के लिए 22 मई को कुल्लू तथा लाहौल-स्पिति जिलों के उम्मीदवारों के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी।
23 मई को मंडी जिला के सदर मंडी, चच्योट, थुनाग तथा लडभड़ोल तहसील के उम्मीदवारों के लिए भर्ती प्रक्रिया करवाई जाएगी।
24 मई को मंडी जिला के सुंदरनगर, जोगिंद्रनगर, पधर, संधोल, सरकाघाट तथा करसोग तहसील के उम्मीदवारों की भर्ती की जाएगी। 25 मई को सोल्जर लिपिक/स्टोर कीपर के पदों के लिए मंडी जिला के उम्मीदवारों की भर्ती की जाएगी।
26 को सोल्जर लिपिक/स्टोर कीपर वर्ग की भर्ती
वहीं, 26 मई को जिला कुल्लू तथा लाहुल-स्पीति के उम्मीदवारों के लिए सोल्जर लिपिक/स्टोर कीपर वर्ग की भर्ती होगी तथा साथ ही साथ डीएससी वर्ग के उम्मीदवारों की भर्ती भी होगी।
इन्हीं दिनों इन क्षेत्रों के सेवारत सैनिक, भूतपूर्व सैनिक, युद्ध विधवाओं के पुत्रों, एनसीसी प्रमाण पत्र धारक तथा खेल प्रमाण पत्र धारक भी सम्मिलित होंगे।
कर्नल माथुर ने बताया कि सैनिक सामान्य ड्यूटी वर्ग के लिए उम्मीदवार की आयु भर्ती वाले दिन साढे़ 17 वर्ष से 21 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उम्मीदवार का जन्म 22 मई 1993 से 21 नवंबर 1996 के बीच हुआ होना चाहिए।
ये योग्यताएं भी हैं जरूरी
उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता दसवीं कक्षा में कुल योग का कम से कम 45 प्रतिशत अंक तथा प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक के साथ उर्तीण होना आवश्यक है।
अगर उम्मीदवार 12वीं या उससे अधिक योग्यता रखता है तो प्रतिशत लागू नहीं होगा। वहीं पर लाहुल-स्पीति और गोरखा उम्मीदवारों के लिए केवल 10वीं पास होना अनिवार्य है।
निर्धारित तिथि को सुबह 5 बजे रैली स्थल पर एंट्री शुरू होगी। एंट्री तीन घंटे होगी। आठ बजे के बाद भर्ती स्थल का गेट बंद कर दिया जाएगा।