अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पर सेना पुलिस ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का काफिला रोक दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की तैयारियां जांचने के लिए मुख्यमंत्री का काफिला लाहौल के सिस्सू से अटल टनल होकर मनाली की ओर जा रहा था। काफिला अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर पहुंचा तो यहां तैनात सेना पुलिस ने काफिले को रोक दिया। बताया जा रहा है कि काफिले में पांच से अधिक वाहन शामिल होने पर सेना पुलिस ने इसे रोका। इसके बाद मुख्यमंत्री गाड़ी से बाहर निकले तो काफिले को आगे जाने दिया गया। उधर, तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने बताया कि बुधवार को पीएम के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने सीएम जयराम ठाकुर सिस्सू पहुंचे थे।