बीते रविवार को शिमला के होटल पीटरहॉफ में बेटी की शादी की रिसेप्शन पार्टी देने के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने घर पदम पैलेस में लोगों के लिए धाम का आयोजन किया। रामपुर और आसपास के लोग धाम खाने के लिए गाजे-बाजे के साथ पदम पैलेस पहुंचे।
मंगलवार को वीरभद्र सिंह की बेटी अपराजिता और दामाद अंगद भी रामपुर पहुंचे। लोगों ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, उनकी धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह, बेटा विक्रमादित्य सहित परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे।
धाम के लिए पदम पैलेस को दुल्हन की तरह सजाया गया था। बारिश धाम का मजा किरकिरा न करे, इसके लिए तिरपाल लगाई गई थी। हालांकि मौसम ने पूरा साथ दिया और धूप खिली रही। पदम पैलेस में आयोजित धाम में अतिथियों को परंपरागत तरीके से जमीन पर बैठाकर भोजन कराया गया।
शुद्ध शाकाहारी व्यंजन अतिथियों को परोसे गए। रामपुर में लड़की की शादी की धाम में शाकाहारी व्यंजन परोसने की प्रथा है। धाम में चावल, राजमा, उड़द की दाल और मीठे चावल परोसे गए।
उल्लेखनीय है कि पदम पैलेस में धाम में उमड़ने वाली भीड़ के चलते रामपुर में पर्यटन निगम के कैफे से कॉलेज गेट तक नेशनल हाईवे के किनारे वाहनों की पार्किंग पर 15 मार्च से रोक लगाई गई थी।